Saturday, November 8, 2014

Khush Rehna...

हमारी दादी "राम सखी" को समर्पित

गर्मी की छुट्टियां हो चुकी थी और मैं हर साल की तरह इस साल भी बाबा और दादी के साथ डेकारी में था। धूप अपने चरम सीमा पे थी। मुझे आम के बगीचे में क्रिकेट खेलने का बहुत शौक था। मैं, संतोष और राजीव गांव के पास के बगीचे में क्रिकेट खेल रहे थे और तभी अचानक एक छोटा सा बालक आ कर कहता है, "दादी बुला रही है और आपको काफी देर से ढूंढ रही है". संतोष काफी डर कर बोला जल्दी चलो नहीं तो दादी गुस्सा करेगी।  हमलोग जैसे ही घर पहुंचे तो दादी शुरू हो गयी। मुझे डांटने की बजाये वो हर बार की तरह संतोष को ही डांट रही थी। संतोष हर बार की तरह चुप था और कोई सफाई नहीं दे रहा था। दादी ने कहा की कब से खाना बना के रखा है जल्दी खा लो। संतोष को बोला तुम थोड़ी देर बाद आना। संतोष भी खाना खाने अपने घर चला गया। दादी हमें खूब आम खिलाती थी। सारे आम गाँव के बगीचे के ही थे। वैसे मुझे तो पूरा गाँव ही अपना ही लगता था। कभी किसी ने आम तोड़ने से मना ही नहीं किया। मुझे तो आज भी ठीक से नहीं पता की इनमे से हमारे अपने आम के पेड़ कौन से हैं।

देखते देखते छुट्टियां खत्म होने लगी और मेरा मथुरापुर वापस जाने का समय आ ही गया। जाने के दिन दादी सुबह उठ कर मुझे तैयार कर रही है। मेरे क्रिकेट के बैट को वापस खपड़े के छत पे खोस के रख दिया है। जाते वक़्त दादी अपनी काँपते हाथों से अपनी साड़ी के घिटान में से मोड़ें हुए ५ रूपए के नोट मुझे देती है और कहती है "खुश रहना …"

मेरे उस बैट को दादी किसी और को नहीं छूने देती थी। आम की लकड़ी का वो बल्ला हर साल मेरे गर्मी की छुट्टियों का इंतज़ार करता था।        

कौन थी हमारी दादी? क्या नाम था उनका? किसी को कभी उनको उनके नाम से पुकारते भी नहीं सुना था। ये सवाल कभी बचपन में नहीं आएं और दादी देखते देखते हम सभी से काफी दूर चली गयी। बचपन भी देखते देखते बीत ही गया। पर आज ऐसा ज़रूर लगता है की दादी मैं आपसे ज्यादा बात नहीं कर पाया, बहुत सवाल थे जो मैं आपसे पूछ नहीं पाया, बहुत कुछ कहना था जो कह नहीं पाया। आज आपकी कमी बेशक महसूस होती है। आपके लिए आज यही कहूँगा की आप जहां भी हो खुश रहना...




Saturday, March 7, 2009

Saturday, September 6, 2008

Tuesday, May 1, 2007

Test Blog :)

This is just a test blog. My blogs will be made available to you very soon.